अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
मुनस्यारी में महिला से चेन छीनी, हल्द्वानी का MBBS छात्र गिरफ्तार
पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में एक महिला से सोने की चेन छीनने के आरोप में हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र और उसकी साथी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पिथौरागढ़। जिले के मुनस्यारी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बंगापानी के तोली गांव में एक महिला से सोने की चेन छीनने के आरोप में पुलिस ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के एक एमबीबीएस छात्र (MBBS Student) और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। शिक्षित युवाओं का इस तरह के अपराध में शामिल होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित महिला ममता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह जब वह अपने खेत जा रही थीं, तब बाइक सवार एक युवक और युवती ने उन्हें रोका। आरोपियों ने मोबाइल फोन में नेटवर्क न होने का बहाना बनाकर महिला से मदद मांगी। जैसे ही महिला थोड़ी आगे बढ़ी, आरोपी युवक ने उन्हें बलपूर्वक पकड़ लिया और युवती ने उनके गले से सोने की दो चेन झपट लीं। पीड़िता के अनुसार, छीनी गई चेन का वजन लगभग डेढ़ तोला था।
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपियों को गर्जिया पुल के पास से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी 25 वर्षीय सन्नी सिंह और हल्द्वानी निवासी 23 वर्षीय हिमानी बोरा के रूप में हुई है। आरोपी सन्नी हल्द्वानी में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है, जबकि महिला साथी भी मेडिकल पेशे से जुड़ी बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों के सत्यापन और शिक्षित वर्ग में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे लूटा गया सामान समय रहते बरामद हो सका। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
