देहरादून
देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ की ऋषिकेश में बैठक, गढ़वाल कार्यकारिणी का गठन
ऋषिकेश में उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ की बैठक में गढ़वाल कार्यकारिणी का हुआ गठन। जितेंद्र बिष्ट बने कार्यकारी अध्यक्ष। पढ़ें पूरी खबर।
ऋषिकेश। होटल फॉरेस्ट व्यू में उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ के बैनर तले एक महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की गई। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में गढ़वाल संभाग की सभी प्रमुख ट्रक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक के दौरान प्रदेशभर के ट्रक व्यवसायियों की समस्याओं और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के मुख्य एजेंडे के तहत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी ने गढ़वाल मंडल की नई कार्यकारिणी का आधिकारिक गठन किया। नई कार्यकारिणी में पंच केदार ट्रक यूनियन के जितेंदर बिष्ट को कार्यकारी अध्यक्ष तथा श्रीकृष्ण बड़ोनी को गढ़वाल मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही कुलदीप बहुगुणा और किशन सिंह रमोला को उपाध्यक्ष, हेमंत कंसवाल को कोषाध्यक्ष, जगमोहन सकलानी व दिनेश बहुगुणा को संरक्षक और गजेंद्र सिंह नेगी को मुख्य सलाहकार मनोनीत किया गया।
कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में सुशील मलिक, जगत सिंह रावत, राजेंद्र सिंह चौहान, आयुष नेगी, पंकज स्याना, आशीष राणा, नरेंद्र कैंतूरा, देव सिंह चौहान, अर्जुन सिंह चौहान और न्यू जनजाति ट्रक ओनर्स एसोसिएशन विकासनगर के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा एक विशेष ‘प्रदेश संघर्ष समिति’ का भी गठन किया गया, जो सरकार के समक्ष ट्रक ओनर्स एसोसिएशनों के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों और मांगों को प्रमुखता से उठाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड की सभी ट्रक यूनियनें अब उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ के साझा बैनर तले ही कार्य करेंगी। महासंघ का मुख्य कार्यालय हल्द्वानी में होगा, जबकि उप कार्यालय ऋषिकेश में संचालित किया जाएगा। इस आम बैठक में ललित पाठक, गिरीश मिलकनी, बृजेश तिवारी, जय उप्रेती, राजेश न्योलिया, हरीश जोशी और दयाकिशन शर्मा सहित कई प्रमुख परिवहन व्यवसायी उपस्थित रहे।
