नैनीताल
भीमताल और भवाली में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी
भीमताल में बीटेक छात्र गौरव धपोला और भवाली में मजदूर अनुज की संदिग्ध हालात में मौत। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पढ़ें पूरी खबर।
नैनीताल। जिले से दो बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबरें सामने आई हैं। भीमताल और पास के भवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पहली घटना में भीमताल के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में बीटेक कर रहे 23 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में भवाली के श्यामखेत में काम कर रहे एक 37 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भीमताल पुलिस के अनुसार, बागेश्वर जिले के बिलखेत निवासी गौरव धपोला पुत्र गोपाल सिंह धपोला भीमताल में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार सुबह जब उसके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो गौरव बिस्तर पर अचेत पड़ा हुआ था। उसे तुरंत भीमताल पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी घटना भवाली के श्यामखेत क्षेत्र की है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी 37 वर्षीय अनुज कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ भवाली में रहकर मजदूरी करता था। सोमवार शाम निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।
भीमताल कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक छात्र गौरव के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। वहीं भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मजदूर अनुज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
