Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

कैंची धाम दर्शन के बाद रामगाड़ नदी में डूबा जयपुर का छात्र, मौत से मातम

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर रामगाड़ पुल के पास नदी में नहाते समय जयपुर के 20 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। कैंची धाम दर्शन के बाद युवक केदारनाथ जा रहे थे।

नैनीताल। भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर स्थित रामगाड़ पुल के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। राजस्थान के जयपुर से उत्तराखंड घूमने आए चार दोस्तों में से एक 20 वर्षीय छात्र की नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान प्रिंस बागौरिया (20 वर्ष) पुत्र मनीष बागौरिया, निवासी नर्सिंग नगर, झोटवाड़ा (जयपुर) के रूप में हुई है। प्रिंस जयपुर के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह अपने तीन दोस्तों – अंश शर्मा, नीतीश चौधरी और करन सिंह शेखावत के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए आया था। दर्शन करने के बाद सभी दोस्तों की केदारनाथ जाने की योजना थी।
दोपहर के समय चारों दोस्त भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर रामगाड़ पुल के पास नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान प्रिंस अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगा। साथी को डूबता देख अन्य दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत खैरना चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही खैरना चौकी पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक को नदी से बाहर निकाला और इलाज के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने नदी के आसपास जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गहरे पानी से दूर रहने की अपील की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement