Connect with us

हल्द्वानी

पुलिस हिरासत में बेटा, सदमे में मां की मौत: हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी में पुलिस द्वारा बेटे को हिरासत में लिए जाने के बाद मां की संदिग्ध मौत। परिजनों ने पुलिस पर झूठा केस दर्ज करने का लगाया आरोप। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। शहर से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पुलिस द्वारा बेटे को हिरासत में लिए जाने के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने बेटे को बिना किसी गलती के झूठे मामले में बंद किया था, जिससे आहत होकर मां ने अपनी जान गंवा दी।
मृतका की पहचान मुखानी थाना क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय सविता देवी पत्नी राजीव सिंह के रूप में हुई है। राजीव सिंह एक स्थानीय कार शोरूम में काम करते हैं और परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे पुलिस उनके बेटे को जबरन उठाकर ले गई थी। बेटे की बेगुनाही साबित करने और उसे छुड़ाने के लिए बुधवार दोपहर सविता देवी खुद कोतवाली पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा।
कोतवाली से निराश होकर घर लौटने के कुछ ही देर बाद सविता देवी कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। घबराए परिजन उन्हें तुरंत बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शाम करीब 5 बजे पुलिस ने हिरासत में रखे बेटे को तुरंत छोड़ दिया। पति राजीव सिंह ने कहा कि वह अभी गहरे सदमे में हैं, लेकिन जल्द ही पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ कानूनी कदम उठाएंगे।
मामले में विवाद बढ़ता देख पुलिस प्रशासन की ओर से भी बयान जारी किया गया है। कोतवाल सुशील जोशी ने बताया कि इमरजेंसी नंबर 112 पर आई शिकायत के आधार पर युवक को लाया गया था और यह मामला केवल 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई का था। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाल का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Select Language

Advertisement