देहरादून
दून विश्वविद्यालय में सीएम धामी का युवाओं से संवाद: बनें ‘फ्यूचर रेडी’
दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों से संवाद किया। पलायन, एआई, रोजगार और देहरादून ट्रैफिक जाम पर खुलकर दिए जवाब।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के युवाओं ने प्रदेश में पलायन रोकने, नए रोजगार के अवसर पैदा करने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में करियर की संभावनाओं और देहरादून शहर में यातायात जाम की गंभीर समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से कई तीखे व व्यावहारिक सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रश्नों का विस्तृत उत्तर देकर युवाओं का मार्गदर्शन किया।
बदलती तकनीक के साथ युवाओं को बनना होगा ‘फ्यूचर रेडी’
विज्ञान, तकनीक और एआई के प्रभाव पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलने के कारण अब रोजगार के पारंपरिक स्वरूप में भी बदलाव आ रहा है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक के अनुसार अपने कौशल को निखारें और ‘फ्यूचर रेडी’ बनें। उन्होंने जानकारी दी कि देहरादून में देश की पांचवीं ‘साइंस सिटी’ का निर्माण किया जा रहा है, जो प्रदेश में शोध, विज्ञान और अनुसंधान के नए द्वार खोलेगी।
रिवर्स माइग्रेशन और स्वरोजगार की योजनाओं पर जोर
पलायन और रोजगार से जुड़ी चिंताओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया में तेजी आई है। राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’, ‘स्वरोजगार योजना’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ के माध्यम से स्थानीय युवाओं व स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रही है। इसके साथ ही नई पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीतियों के जरिए प्रदेश में रोजगार के लाखों नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर भविष्य मिल सके।
देहरादून में यातायात जाम के स्थायी समाधान की योजना
राजधानी देहरादून में ट्रैफिक जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसके स्थायी और दीर्घकालिक समाधान पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शहर में बिंदाल और रिस्पना नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड निर्माण परियोजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन एलिवेटेड रोड्स का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद देहरादून की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और आम जनता को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
