हल्द्वानी
रामलीला मैदान ‘शुद्धिकरण’ और फर्जी AI वीडियो पर बवाल, युवा कांग्रेस ने सीओ को सौंपी तहरीर
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस रैली के बाद कथित शुद्धिकरण व फर्जी AI वीडियो मामले में युवा कांग्रेस ने सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हल्द्वानी। प्रसिद्ध रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद माहौल गर्मा गया है। रैली स्थल का कथित रूप से “शुद्धिकरण” करने और सोशल मीडिया पर फर्जी AI वीडियो वायरल करने के मामले में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी को तहरीर सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने बताया कि बीते 08 अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस की विशाल जनसभा आयोजित हुई थी। इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता और नागरिक शामिल हुए थे। आरोप है कि रैली के समापन के बाद कुछ तत्वों ने हवन-पूजन कर स्थल के शुद्धिकरण का दावा किया। भोजक के अनुसार यह कृत्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला और जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने वाला है।
इसके अलावा, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने फर्जी AI वीडियो का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का गलत इस्तेमाल कर नफरत फैलाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से वायरल वीडियो की साइबर सेल के जरिए तकनीकी जांच कराने और दोषियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने का आग्रह किया है।
युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुमित कुमार और पूर्व पार्षद राधा आर्या ने भी मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव दिग्विजय चौहान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लाल सिंह पवार, पार्षद शैलेंद्र दानु, बानू कब्डवाल, विवेक मिश्रा, मयंक गोस्वामी, अक्षत पाठक, संजय जोशी और मेहुल जोशी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
