हरिद्वार
लक्सर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो मासूमों को रौंदा, 14 वर्षीय अंशुल की मौके पर मौत
लक्सर के सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर बस ने स्कूटी सवार दो बच्चों को मारी टक्कर। हादसे में 14 वर्षीय अंशुल की मौत, 12 साल का आयुष गंभीर घायल। चालक फरार।
हरिद्वार। उत्तराखंड के लक्सर अंतर्गत सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने स्कूटी सवार दो मासूम बच्चों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि इस हादसे में 14 वर्षीय अंशुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय साथी आयुष (वंश) गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अंशुल पुत्र समय सिंह (14 वर्ष) सुल्तानपुर के पचेवाली का निवासी था। वह अपने साथी आयुष पुत्र ब्रह्मपाल (12 वर्ष) के साथ स्कूटी से जा रहा था, तभी सुल्तानपुर-इस्माइलपुर रोड पर तेज गति से आ रही बस ने उन्हें रौंद दिया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक बेहद लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। हादसे को अंजाम देने के तुरंत बाद चालक बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आयुष को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, पुलिस ने मृतक अंशुल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस को शाम करीब सात बजे इस सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। बस की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हुई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस परिजनों की तहरीर और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
