Connect with us

राजनीति

उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सैनिकों को पूरा सम्मान दिया जाएगा: अखिलेश यादव

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डिम्पल के साथ पहुंचे उत्तराखंड, दो अग्निवीरों ने देश की सुरक्षा में अपना बलिदान देने पर शहीद का दर्जा न मिलने पर उठाया सवाल


देहरादून। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद सैनिकों को पूरा सम्मान दिया जाएगा। उनकी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दो अग्निवीरों ने देश की सुरक्षा में अपना बलिदान दे दिया, लेकिन उन्हें बलिदानी का दर्जा नहीं दिया गया है। यह सोचनीय है। यह बात उत्तराखंड दौरे पर परिवार के साथ पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कही।
मीडिया से संक्षिप्त वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सैनिकों से जो वायदे किए थे वह झूठे साबित हुए हैं। इससे सैनिक व सैनिकों का परिवार ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही सैनिकों की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। उन्हें सम्मान दिया जाएगा जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यावरण के मद्देनजर रखते हुए निर्माण कार्य कराए जाएं, लेकिन उत्तराखंड सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। पहाड़ों में किए जा रहे निर्माण के बारे में कई बार विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। जिससे उत्तराखंड के लोगों को आपदा से जूझना पड़ा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सपा को मजबूत किया जाएगा। संगठन को बुनियादी स्तर पर मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  गूलरभोज में ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम, रेलवे ट्रैक से अर्थिंग पत्तियां बरामद

आईएनडीआईए गठबंधन के बारे में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस व उनके दल में कोई मतभेद नहीं है। बस कांग्रेस और सपा के सोचने का तरीका अलग है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन लोगों की उम्मीदों में खरा उतरेगा।
उधर, एएनआई ने अखिलेश यादव से समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथों में उन्हें भावी प्रधानमंत्री के रूप में पेश कर रहे पोस्टर को लेकर सवाल पूछा। जवाब में अखिलेश ने कहा कि किसी के पोस्टर उठाने मात्र से ही कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता। पार्टी कार्यकर्ता अपनी भावना व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा का एकमात्र उद्देश्य भाजपा को रोकना है। एयरपोर्ट पर उन्होंने स्थानीय खिलाड़ी साहिल कुरेशी को भी सम्मानित किया। उसके बाद एयरपोर्ट से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनकी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के सदस्य बदरीनाथ-ऋषिकेश मार्ग स्थित कौड़ियाला के लिए रवाना हुए। वहां वह एक रिसार्ट पर रात्रि प्रवास करेंगे। उसके बाद मंगलवार को केदारनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट पर उनके साथ सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया भी उपस्थित थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement