देहरादून
देहरादून कोर्ट में लगातार दूसरे दिन बम की धमकी: C-4 धमाके की ईमेल से दहशत, परिसर खाली
देहरादून जिला न्यायालय को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में C-4 बम का जिक्र, परिसर खाली कराया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा।
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित जिला न्यायालय परिसर को आज एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लगातार दूसरे दिन मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
जिला जज को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि परिसर के भीतर C-4 और नाइट्रेट से बने पांच बम प्लांट किए गए हैं। पत्र में लिखा गया था कि यदि बम स्वतः नहीं फटे, तो कुछ लोग अंदर आकर आत्मघाती हमला करेंगे। इस मेल में तमिलनाडु में आरक्षण और ‘पाकिस्तान-डीएमके मॉडल’ जैसे विवादित संदर्भों का भी जिक्र किया गया है।
धमकी मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बारीकी से कोने-कोने की तलाशी ली। बुधवार को भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद करीब दो घंटे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था। हालांकि, लंबी जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
एसएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। पुलिस अब उस ईमेल आईडी और आईपी एड्रेस की जांच कर रही है जिससे यह धमकी भेजी गई थी। नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी के बाद अब देहरादून में मिली इस धमकी को पुलिस एक बड़ी साजिश या सीरियल ‘होक्स’ कॉल (अफवाह) के एंगल से देख रही है।
