अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: पति के निधन की खबर सुन पत्नी ने गधेरे में कूदकर दी जान
पिथौरागढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश में पति की मौत की खबर सुनते ही सदमे में आई पत्नी ने गधेरे में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पिथौरागढ़। जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मध्य प्रदेश में रह रहे पति के अचानक निधन की सूचना मिलने से आहत होकर एक महिला ने गधेरे में कूदकर अपनी जान दे दी। यह दुखद घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चंडाक के भुरमुनी और वर्तमान में कुमौड़ निवासी 36 वर्षीय वैशाली खड़ायत ने पांच साल पहले मध्य प्रदेश के रीवा निवासी प्रदीप से प्रेम विवाह किया था। प्रदीप का रीवा में अपना कारोबार था और दोनों की जिंदगी अच्छी चल रही थी। वैशाली शनिवार को ही अपने मायके पिथौरागढ़ आई थी। रविवार दोपहर को रीवा से ससुराल वालों ने फोन कर वैशाली को प्रदीप के निधन की खबर दी।
पति के मौत की खबर सुनते ही वैशाली गहरे सदमे में आ गई और उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस मानसिक आघात के बीच वह कुछ ही देर बाद बिना किसी को कुछ बताए घर से चुपचाप निकल गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी हर जगह तलाश शुरू की। हालांकि, काफी खोजबीन करने के बाद भी वैशाली का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
दोपहर बाद करीब तीन बजे नैनीसैनी के पास स्थानीय महिलाओं को गधेरे में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। महिलाओं ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जाजरदेवल थानाध्यक्ष मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को गधेरे से बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान वैशाली के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
