Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

मुख्यमंत्री ने की नई हवाई सेवाओं की शुरुआत, पिथौरागढ़–मुनस्यारी और हल्द्वानी–अल्मोड़ा के बीच हेली सेवा से पर्यटन व विकास को मिलेगी गति

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत दो नई हवाई सेवाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास से आयोजित इस कार्यक्रम में पिथौरागढ़–मुनस्यारी–पिथौरागढ़ तथा हल्द्वानी–अल्मोड़ा–हल्द्वानी हवाई सेवाओं को हरी झंडी दिखाई गई। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से आम नागरिकों के आवागमन में सुगमता आएगी और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी जैसे नगर उत्तराखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों से जुड़े हुए हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, प्राचीन मंदिर और समृद्ध संस्कृति देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हेली सेवा शुरू होने से पर्यटक अब इन क्षेत्रों तक अधिक आसानी और कम समय में पहुंच पाएंगे। हल्द्वानी से अल्मोड़ा की यात्रा जहां सामान्यतः 3 से 4 घंटे में पूरी होती है, वहीं हवाई सेवा से यह सफर कुछ ही मिनटों में संभव हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना को दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से राज्य में हवाई संपर्क को सशक्त करने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हेलीपोर्ट्स और हवाई पट्टियों का विकास किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 18 हेलीपोर्ट्स के विकास पर काम किया जा रहा है, जिनमें से 12 हेलीपोर्ट्स पर हेली सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं।
धामी ने बताया कि अब तक गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। साथ ही राज्य को वैश्विक स्तर पर प्रमुख गंतव्य बनाने की दिशा में जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विकसित किया जा रहा है।
नई सेवाओं की समय सारणी के अनुसार, पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा सुबह 10:30 बजे और दोपहर 1:50 बजे चलेगी, जबकि वापसी सेवा सुबह 10:50 बजे और दोपहर 2:10 बजे संचालित होगी। इसी तरह हल्द्वानी से अल्मोड़ा की उड़ान सुबह 11:50 बजे और दोपहर 3:10 बजे होगी, जबकि अल्मोड़ा से हल्द्वानी के लिए उड़ान दोपहर 12:50 बजे और शाम 4:10 बजे चलेगी। इन सेवाओं का किराया ₹2500 निर्धारित किया गया है। यात्री टिकट बुकिंग के लिए airheritage.in पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement