Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: शादी की 18वीं सालगिरह पर योग शिक्षिका ने खुद को लगाई आग, मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा में शादी की सालगिरह के दिन योग शिक्षिका लता साह ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह किया। पति के केक लाने जाने के बाद उठाया खौफनाक कदम।

अल्मोड़ा। जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ माल रोड स्थित आरसीएम मॉल क्षेत्र में एक योग शिक्षिका ने अपनी शादी की 18वीं सालगिरह के दिन खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस दर्दनाक हादसे में शिक्षिका 90 फीसदी से अधिक झुलस गई थी। आनन-फानन में पति और स्थानीय लोग उन्हें बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 35 वर्षीय लता साह के रूप में हुई है, जो यूकेडी (UKD) महानगर अध्यक्ष मोहित साह की पत्नी थीं। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मोहित अपने 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लता ने हंसते हुए छत से ही दोनों को ‘बाय’ कहा था और पति से शाम के जश्न के लिए केक और अन्य जरूरी सामान लाने के लिए भी कहा था।
पति और बेटे के जाने के कुछ ही देर बाद घर के भीतर से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। शोर सुनकर जब आसपास के पड़ोसी दौड़कर घर के अंदर पहुंचे, तो उन्हें किचन का दरवाजा अंदर से बंद मिला। जब लोगों ने खिड़की से अंदर झांका, तो लता का पूरा शरीर आग की लपटों से घिरा हुआ था। पड़ोसियों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए किचन का दरवाजा और खिड़की तोड़ी और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया।
इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शादी की सालगिरह की खुशियां चंद मिनटों में ही मातम में बदल गईं। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मृतका ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से गहन जांच कर रही है।

Select Language

Advertisement