हल्द्वानी
हल्द्वानी: लापता किशोरी से दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
हल्द्वानी में दीदी से झगड़े के बाद लापता हुई किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हल्द्वानी। एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दीदी से विवाद के बाद आधी रात को घर से लापता हुई एक किशोरी के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित किशोरी के मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करने पर दो युवक अलग-अलग समय पर किशोरी के साथ नजर आए। पुलिस ने गहन छानबीन के बाद दोनों आरोपियों की पहचान कुसुमखेड़ा निवासी 29 वर्षीय विक्रम सिंह और त्रिलोकपुर (दानी गौलापार) निवासी 21 वर्षीय सौरभ बिष्ट के रूप में की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी विक्रम सिंह ने बताया कि 29 जुलाई की रात किशोरी उसे रोडवेज के सामने बर्फ वाली गली में मिली थी। वह उसे अपनी गाड़ी में मुखानी स्थित अपने स्टूडियो ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह विक्रम उसे वापस बर्फ वाली गली में छोड़ आया। इसके बाद किशोरी डीके पार्क के पास पहुंची, जहां दूसरा आरोपी सौरभ बिष्ट उसे मिला। सौरभ उसे शक्तिफार्म ले गया और उसने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल आरोपी विक्रम सिंह की गाड़ी को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में अदालत के समक्ष मजबूत पैरवी करेगी ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
