अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
बागेश्वर: महिला व विधायक पर अमर्यादित टिप्पणी का आरोपी गिरफ्तार
बागेश्वर पुलिस ने महिला और विधायक सुरेश गढ़िया के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो फैलाने वाले आरोपी जगदीश गोस्वामी को गिरफ्तार किया। पढ़ें पूरी खबर।
बागेश्वर। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंटरनेट मीडिया पर अमर्यादित और भ्रामक वीडियो फैलाने वाले आरोपी जगदीश गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था। पुलिस ने उसे मंगलवार शाम बैजनाथ क्षेत्र के पिंगलो बैंड स्थित यात्री विश्राम गृह के पास से हिरासत में लिया।
इस पूरे मामले की शुरुआत 30 जुलाई को हुई, जब एक पीड़िता ने कपकोट थाने में तहरीर दर्ज करवाई। महिला ने आरोप लगाया कि जगदीश गोस्वामी ने उसे बदनाम करने के इरादे से उसके चरित्र पर लांछन लगाने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए थे। पुलिस ने इस शिकायत पर बीएनएस की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद 2 अगस्त को धर्मेंद्र सिंह दानू ने स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया की छवि धूमिल करने और गाली-गलौज के खिलाफ दूसरी शिकायत दर्ज कराई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने आरोपी की धरपकड़ के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की टीमों ने रानीखेत, रामनगर, हरिद्वार, बिजनौर और देहरादून समेत कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। इसके अलावा न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और बीएनएसएस की धारा 84 का नोटिस जारी होने के बाद उसके घर पर मुनादी भी करवाई गई।
आखिरकार पुलिस और एसओजी की सतर्कता से आरोपी को पिंगलो बैंड, कंधार तिराहा के पास से सफलतापूर्व दबोच लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन, उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल, मुख्य आरक्षी नवीन कुमार और आरक्षी संतोष कुमार व भुवन बोरा शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने सभी नागरिकों से इंटरनेट मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने का आग्रह किया है।
