अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
बनबसा में रुकेगी अमृतसर टनकपुर एक्सप्रेस, रेल मंत्री ने दी मंजूरी
अमृतसर-टनकपुर एक्सप्रेस अब बनबसा स्टेशन पर भी रुकेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मंजूरी के बाद सीएम धामी ने इसे सीमांत क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया।
चंपावत। जिले के सीमांत क्षेत्रवासियों के लिए भारतीय रेलवे की ओर से एक बेहद राहत भरी खबर आई है। अब गाड़ी संख्या 15093/15094 अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव बनबसा रेलवे स्टेशन पर भी होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष अनुरोध पर इस ठहराव को अपनी आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। रेल मंत्रालय ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर औपचारिक सूचना प्रदान की है।
अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस इस क्षेत्र की एक प्रमुख ट्रेन है। बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव न होने के कारण स्थानीय यात्रियों को टनकपुर या अन्य दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ता था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसुविधा और सीमांत क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष इस ट्रेन के बनबसा में ठहराव की पुरजोर सिफारिश की थी। रेल मंत्रालय ने जनहित में फैसला लेते हुए इस मांग को स्वीकार कर लिया है।
रेल मंत्री की इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के नागरिकों, स्थानीय व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे उनका समय और धन दोनों बचेगा।
यह निर्णय कुमाऊँ क्षेत्र के समग्र विकास और रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। बनबसा नेपाल सीमा से सटा हुआ एक प्रमुख व्यापारिक और सामरिक केंद्र है। यहाँ ट्रेनों की बेहतर आवाजाही से स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही ट्रेन की नई समय-सारिणी जारी कर बनबसा में ठहराव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी।
