अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
मुनस्यारी के जंगलों में फंसी इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया, पुलिस ने किया रेस्क्यू
मुनस्यारी में खलिया टॉप से लौटते समय रास्ता भटकीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया। रात के अंधेरे में जंगल में फंसी टीम को पुलिस और स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला।
मुनस्यारी: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया खलिया टॉप से लौटते समय अपने साथियों के साथ घने जंगल में रास्ता भटक गईं। गुरुवार रात करीब डेढ़ घंटे तक वह और उनकी टीम बर्फबारी और अंधेरे के बीच जंगल में फंसकर मदद के लिए चीखती रही।
सुबह 9 बजे शुरू हुई थी ट्रेकिंग
जानकारी के अनुसार, हर्षा रिछारिया अपने साथियों के साथ बीते रोज सुबह नौ बजे खलिया टॉप के लिए निकली थीं। शाम को वह ‘जीरो प्वाइंट’ से वापस मुनस्यारी की ओर रवाना हुईं। शाम करीब पांच बजे बेस कैंप से नीचे उतरते समय वह मुख्य मार्ग से भटक गईं और शहर की दिशा के बजाय गहरे जंगल की ओर चली गईं।
पर्यटकों ने सुनी मदद की आवाज
अंधेरा होने पर जब उन्हें एहसास हुआ कि वे रास्ता भटक चुके हैं, तो उन्होंने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। संयोग से मुनस्यारी की ओर आ रहे लखनऊ के पांच पर्यटकों ने उनकी पुकार सुनी। इन पर्यटकों ने तुरंत खलिया द्वार पहुंचकर स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी। स्थानीय ‘हिम वीर टूर एंड ट्रैवल्स’ के सोनू निखुर्पा ने तत्काल रेस्क्यू के लिए टीम भेजी।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही मुनस्यारी पुलिस और स्थानीय कर्मचारी टॉर्च और जरूरी सामान लेकर जंगल की ओर निकल पड़े। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम हर्षा और उनके साथियों तक पहुँचने में सफल रही। टीम ने सभी को सुरक्षित निकाला और मुनस्यारी लेकर आई। रेस्क्यू के बाद इन्फ्लुएंसर और उनके साथियों ने स्थानीय प्रशासन और युवाओं का आभार जताया।
